मथुरा । जनपद प्रभारी मंत्री/माननीय राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) बेसिक शिक्षा विभाग संदीप सिंह ने निर्माणाधीन उच्च स्तरीय सुविधायुक्त सर्किट हाउस का निरीक्षण किया। निरीक्षण में जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व डॉ0 पंकज कुमार वर्मा, डिप्टी कलेक्टर नरेंद्र यादव सहित उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम लिमिटेड के विभिन्न अधिकारियों मौजूद रहे।
निरीक्षण में मंत्री जी ने सर्किट हाउस की लागत, कार्यदाई संस्था, कार्यक्रम प्रारम्भ व पूर्ण होने की तिथि आदि की जानकारी ली, जिसपर अवगत कराया गया कि उक्त सर्किट हाउस की लागत रुपए 67.40 करोड़ है। सर्किट हाउस का कार्य उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम लिमिटेड मैनपुरी इकाई मथुरा द्वारा किया जा रहा है। सर्किट हाउस का कार्य दिनांक 10 अक्टूबर 2025 को प्रारंभ हुआ था तथा 09 जनवरी 2027 तक पूर्ण किया जाएगा। सर्किट हाउस का कुल क्षेत्रफल 9782.62 स्क्वायर मीटर है।
मंत्री जी ने अभी तक की भौतिक प्रगति की जानकारी ली, जिसपर अधिकारियों द्वारा अवगत कराया गया कि 29 प्रतिशत कार्य पूर्ण कर लिया गया है। माननीय मंत्री जी ने निर्देश दिए कि कार्यों में तेज़ी लाएं तथा अधिक लेबर/मजदूर का प्रयोग करते हुए कार्य को समयबद्धता से पूर्ण करना सुनिश्चित करें। माननीय मंत्री जी ने निर्देश दिए कि कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान दिया जाए तथा अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माणधीन सर्किट हाउस का नियमित निरीक्षण करते हुए मानकों के अनुरूप निर्माण को सुनिश्चित किया जाए।
अधिकारियों द्वारा अवगत कराया गया कि सर्किट हाउस में 02 वीवीआईपी रूम, 02 वीआईपी रूम, 10 जनरल रूम तथा 18 सिंगल सीटर रूम है। सर्किट हाउस में कॉन्फ्रेंस हॉल एवं डाइनिंग हॉल भी है। सर्किट हाउस में स्टाफ हेतु क्वार्टर एवं डोरमेट्री की सुविधा भी रखी गई है।