मथुरा । वृंदावन क्षत्रिय महासभा द्वारा आगामी 20 अक्टूबर 2026 को श्रीराम फार्म हाउस, वृंदावन में आयोजित होने वाले ब्रज क्षेत्र शस्त्र पूजन महाआयोजन के संबंध में ब्रजवासी लैंड्स में एक महत्वपूर्ण प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। इसमें हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के ब्रज क्षेत्र सहित मथुरा जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए सामाजिक प्रतिनिधियों ने सहभागिता की। प्रेस कॉन्फ्रेंस में सभी प्रतिनिधियों ने समाज के लोगों से शस्त्र पूजन महाआयोजन में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इसे ऐतिहासिक और भव्य बनाने का आह्वान किया।

इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में भरतपुर, डीग, कामां, नगर, पलवल, होडल, हसनपुर सहित आसपास के क्षेत्रों तथा मथुरा जनपद की पांचों तहसीलों और विभिन्न ब्लॉकों से जुड़े क्षत्रिय समाज के प्रतिनिधियों की सहभागिता रही। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि ब्रज क्षेत्र का यह आयोजन किसी एक व्यक्ति अथवा संगठन तक सीमित नहीं, बल्कि समस्त क्षत्रिय समाज की एकता, समरसता, परंपरा और सांस्कृतिक गौरव का प्रतीक है।

ठाकुर हरीबल्लभ सिंह ने कहा कि यह अत्यंत हर्ष और गौरव का विषय है कि वृंदावन क्षत्रिय महासभा द्वारा पहली बार इतने व्यापक स्तर पर ब्रज क्षेत्र के क्षत्रिय समाज को एक मंच पर लाकर शस्त्र पूजन महाआयोजन किया जा रहा है। इस प्रकार के आयोजन समाज को अपनी गौरवशाली परंपराओं से जोड़ने के साथ-साथ आपसी भाईचारे, एकजुटता और सामाजिक समरसता को मजबूत करते हैं।
उन्होंने कहा कि दशहरा भगवान श्रीराम की रावण पर विजय और बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। इसी पावन अवसर पर शस्त्र पूजन की परंपरा हमें धर्म, न्याय, मर्यादा और राष्ट्ररक्षा के प्रति अपने कर्तव्यों का स्मरण कराती है। शस्त्र पूजन केवल शक्ति प्रदर्शन नहीं, बल्कि शक्ति के सदुपयोग, समाज की रक्षा और अन्याय के विरुद्ध खड़े होने के संकल्प का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि क्षत्रिय समाज ने सदैव राष्ट्रहित, राष्ट्ररक्षा और समाज की सुरक्षा को सर्वोपरि रखा है। आज आवश्यकता है कि समाज अपनी गौरवशाली परंपराओं को आगे बढ़ाते हुए नई पीढ़ी को अपने इतिहास, संस्कारों और कर्तव्यों से परिचित कराए।

जितेंद्र सिंह राणा ने कहा कि वृंदावन क्षत्रिय महासभा निरंतर वृंदावन स्तर पर, जिला स्तर पर और अब ब्रज क्षेत्र के स्तर पर सामाजिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से समाज को जोड़ने का कार्य कर रही है। आगामी 20 अक्टूबर का शस्त्र पूजन महाआयोजन इसी निरंतर प्रयास की महत्वपूर्ण कड़ी है।

ठाकुर, धर्मेन्द्र पाल सिंह और वीरेन्द्र सिंह सिसोदिया ने सभी सामाजिक संगठनों, वरिष्ठजनों, युवाओं और समाज के प्रतिनिधियों से अपील की कि वे 20 अक्टूबर को श्रीराम फार्म हाउस, वृंदावन पहुंचकर इस महाआयोजन को सफल बनाएं और समाज की एकता एवं समरसता का सशक्त संदेश दें।

कुंवर नरेन्द्र सिंह ने कहा कि आज के समय में समाज को संगठित करने, युवाओं में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करने और अपनी सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने की आवश्यकता है। ऐसे आयोजन समाज को अपनी जड़ों से जोड़ते हैं और आपसी सहयोग की भावना को बढ़ावा देते हैं।

हरियाणा और राजस्थान के प्रतिनिधियों ने समाज के लोगों से आह्वान किया कि वे व्यक्तिगत और संगठनात्मक सीमाओं से ऊपर उठकर इस आयोजन को अपना सामूहिक कार्यक्रम मानें। आयोजन का प्रमुख उद्देश्य सामाजिक एकजुटता, सांस्कृतिक गौरव, क्षात्र धर्म के मूल्यों और राष्ट्रहित की भावना को मजबूत करना है।

ठाकुर कारिंदा सिंह जी ने इसआयोजन की सराहना करते हुए इसे व्यापक स्तर पर समाज को जोड़ने की एक सकारात्मक पहल बताया तथा शस्त्र पूजन महाआयोजन में सहभागिता और सहयोग का आश्वासन दिया।

गोवर्धन विधायक ठाकुर मेघशम सिंह जी ने विश्वास व्यक्त किया कि ब्रज क्षेत्र के विभिन्न जिलों और पड़ोसी राज्यों से समाज की व्यापक सहभागिता इस आयोजन को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में कन्हैया राजावत, , ठाकुर उदय सिंह, ठाकुर धरमसिंह, ठाकुर बीरेन्द्र सिंह सिसौदिया, ठाकुर, रामबाबू सिसोदिया, ठाकुर, नवीन सिंह  , डॉ. लाल सिंह ठाकुर, श्याम सिंह ठाकुर, , विजय सिंह दूध वाले ठाकुर ज्ञानी सिंह सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं विभिन्न क्षेत्रों से आए सामाजिक प्रतिनिधि उपस्थित रहे।