मथुरा। बाल दिवस के अवसर पर 14 नवम्बर 2026 को माउंट हिल एकेडमी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, अजय नगर, बलदेव रोड, मथुरा में विभिन्न शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं मनोरंजक गतिविधियों का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यालय के सभी विद्यार्थियों को भगवान श्रीराम के जीवन, आदर्शों एवं मर्यादाओं पर आधारित रामायण फिल्म दिखाई गई। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को भगवान श्रीराम के आदर्श चरित्र, नैतिक मूल्यों एवं जीवन शिक्षाओं से परिचित कराना तथा इन आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित करना था। सभी बच्चों ने पूरे उत्साह एवं रुचि के साथ फिल्म देखी। फिल्म देखने के बाद विद्यार्थियों ने फिल्म की सराहना की तथा इस विशेष आयोजन के लिए विद्यालय प्रबंधन का आभार व्यक्त किया।
इसके अतिरिक्त विद्यालय में बच्चों के लिए अनेक मनोरंजक एवं रचनात्मक गतिविधियाँ आयोजित की गईं। नन्हे-मुन्ने बच्चों के लिए विशेष गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिससे विद्यालय परिसर में पूरे दिन उत्साह एवं उल्लास का वातावरण बना रहा।
कार्यक्रम में विद्यालय की चेयरपर्सन श्रीमती छाया मित्तल, समाजसेविका श्रीमती नीतू गर्ग एवं समाजसेविका श्रीमती शिखा अग्रवाल की गरिमामयी उपस्थिति रही।
इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक-प्रधानाचार्य श्री अनिल यदुवंशी ने कहा कि बाल दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं है, बल्कि बच्चों के सर्वांगीण विकास, उनमें अच्छे संस्कार, नैतिक मूल्यों एवं सकारात्मक सोच विकसित करने का भी महत्वपूर्ण अवसर है। शिक्षा के साथ-साथ बच्चों को आदर्श चरित्रों के जीवन से प्रेरणा लेकर उनके गुणों को अपने जीवन में आत्मसात करना चाहिए।
इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक श्री कृष्णा चतुर्वेदी, प्रधानाचार्य श्री दीपेश कुमार, उपप्रधानाचार्य श्री देवेंद्र कुमार भारद्वाज, श्री शोभित गोयल, श्री मनोज पटेल एवं श्री मनीष शर्मा सहित विद्यालय के अन्य गणमान्य सदस्य एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन हर्षोल्लास एवं उमंगपूर्ण वातावरण में हुआ। विद्यालय प्रबंधन ने सभी बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए बाल दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं।