मथुरा। वैश्विक नगर सृजन योजना के अंतर्गत शासन से स्वीकृत सिविल लाइंस स्थित राजकीय उद्यान जवाहर बाग के कायाकल्प एवं विकास कार्य को लेकर आज नगर आयुक्त श्री ओजस्वी राज द्वारा पार्क का स्थलीय निरीक्षण किया गया। लगभग 23 करोड़ रुपये की लागत से जवाहर बाग को आधुनिक सुविधाओं से युक्त ‘वेस्ट टू वंडर पार्क’ के रूप में विकसित किए जाने की योजना है।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त श्री ओजस्वी राज ने जिला उद्यान अधिकारी, श्री प्रशांत सिंह , मुख्य अभियंता (निर्माण), श्री संजय सिंह चौहान, अधिशासी अभियंता (निर्माण) श्री अमरेंद्र गौतम एवं संबंधित कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों के साथ संपूर्ण जवाहर बाग का भ्रमण कर प्रस्तावित विकास कार्यों का गहन अवलोकन किया। उन्होंने पार्क के वर्तमान स्वरूप, उपलब्ध स्थान, हरित क्षेत्र, नागरिक सुविधाओं तथा प्रस्तावित थीम आधारित विकास की संभावनाओं की जानकारी ली।
प्रस्तावित जवाहर बाग में श्रीकृष्ण लीला थीम के अंतर्गत भगवान श्रीकृष्ण के जीवन एवं उनकी विभिन्न लीलाओं को आकर्षक एवं रचनात्मक स्वरूप में प्रदर्शित किया जाएगा। इसमें श्रीकृष्ण का बाल स्वरूप, गोकुल की बाल लीलाएं, माखन चोरी, गोवर्धन लीला, कालिया नाग मर्दन, रासलीला, कंस वध, मथुरा आगमन तथा द्वारका नगरी से संबंधित प्रसंगों को थीम आधारित संरचनाओं एवं सुदर्शन चक्र आदि श्री कृष्ण से कलात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से दर्शाने की योजना है। साथ ही भगवान श्रीकृष्ण के जीवन, भक्ति परंपरा एवं ब्रज संस्कृति से जुड़े विभिन्न प्रसंगों को भी पार्क की थीम में समाहित किया जाएगा।
वेस्ट टू वंडर की अवधारणा के अनुरूप अपशिष्ट एवं अनुपयोगी सामग्री से आकर्षक कलाकृतियां, थीम आधारित संरचनाएं एवं सृजनात्मक इंस्टॉलेशन तैयार किए जाएंगे, जिससे पर्यावरण संरक्षण, पुनर्चक्रण एवं स्वच्छता का संदेश भी प्रभावी रूप से आमजन तक पहुंचाया जा सके।
नगर आयुक्त ने संबंधित कार्यदायी संस्था को निर्देशित किया कि आवश्यक NOC एवं अन्य औपचारिकताएं शीघ्र पूर्ण करते हुए अक्टूबर माह के प्रथम सप्ताह से विकास कार्य प्रारंभ करने की दिशा में कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। उन्होंने प्रस्तावित विकास कार्यों में गुणवत्ता, सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण एवं समयबद्धता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त द्वारा नर्सरी आदि आवश्यक हरित क्षेत्रों को यथासंभव सुरक्षित रखते हुए संशोधित लेआउट तैयार करने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने कहा कि जवाहर बाग का विकास केवल सौंदर्यीकरण तक सीमित न होकर इसे नागरिकों के लिए आकर्षक, सुरक्षित, सुविधाजनक एवं उपयोगी सार्वजनिक स्थल के रूप में विकसित करने की दिशा में किया जाए।
प्रस्तावित विकास के अंतर्गत पार्क में आमजन के भ्रमण एवं विश्राम हेतु सुविधाएं, आकर्षक लैंडस्केपिंग, हरित क्षेत्र, बैठने की व्यवस्था, पैदल पथ, प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता एवं अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाओं को भी ध्यान में रखा जाएगा।
जवाहर बाग का प्रस्तावित विकास ब्रज की संस्कृति, भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं, पर्यावरण संरक्षण और आधुनिक नगरीय सुविधाओं का अनूठा संगम होगा। यह परियोजना पूर्ण होने के उपरांत शहरवासियों के साथ-साथ मथुरा आने वाले देश-विदेश के श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों के लिए भी एक प्रमुख आकर्षण का केंद्र बनने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।