मथुरा-वृन्दावन नगर आयुक्त महोदय श्री ओजस्वी राज में नगर निगम के भूतेश्वर कार्यालय में भूतेश्वर जोन के सभी माननीय पार्षदगणों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की गई इस दौरान सभी अपर नगर आयुक्त एवं सहायक नगर आयुक्त श्री नीरज शर्मा उपस्थित रहे।
बैठक में नगर आयुक्त महोदय ने सफाई व्यवस्था, नाले-नालियों की नियमित सफाई, सीवर व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, सड़क पैच मरम्मत, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य विकास कार्यों की विस्तारपूर्वक समीक्षा की। उन्होंने उपस्थित पार्षदगणों से वार्डवार संवाद कर क्षेत्र की वास्तविक स्थिति, चल रहे विकास कार्यों तथा स्थानीय जनसमस्याओं की जानकारी प्राप्त की।
बैठक के दौरान माननीय पार्षदगणों ने अपने-अपने वार्डों से संबंधित विभिन्न समस्याओं एवं नागरिकों की आवश्यकताओं से नगर आयुक्त महोदय को अवगत कराया। नगर आयुक्त महोदय ने सभी सुझावों को गंभीरता से सुनते हुए अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
नगर आयुक्त महोदय ने कहा कि जनप्रतिनिधियों के सुझावों के अनुरूप वार्डों की मूलभूत समस्याओं का दीर्घकालीन एवं प्रभावी समाधान प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा, ताकि स्थानीय नागरिकों को बार-बार एक ही समस्या का सामना न करना पड़े तथा उन्हें बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
बैठक में अपर नगर आयुक्त श्रीमती सुनीता कुमारी, अपर नगर आयुक्त श्री सौरभ सिंह, अपर नगर आयुक्त श्री अनिल कुमार तथा सहायक नगर आयुक्त श्री नीरज शर्मा उपस्थित रहे।