मथुरा, 17 सितंबर 2026। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्म दिवस के अवसर पर राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) बेसिक शिक्षा विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार श्री संदीप सिंह ने जिला अस्पताल पहुंचकर मरीजों को फल वितरित किए और उनका कुशलक्षेम जाना। इसके बाद उन्होंने मसानी स्थित ब्रजवासी ब्लडबैंक में रक्तदान शिविर का शुभारंभ किया।
इस दौरान महानगर अध्यक्ष हरिशंकर राजू यादव, जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. पूजा गुप्ता, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. नीरज अग्रवाल, डिप्टी सीएमओ डॉ. भूदेव सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
मंत्री संदीप सिंह ने ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक की और अभियान को सफल बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ समय से सभी व्यवस्थाएं पूरी करने तथा अभियान के संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले अभियान का उद्देश्य जनसेवा, सुशासन और जनकल्याण की भावना को मजबूत करना तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की जानकारी आमजन तक पहुंचाना है।
मंत्री ने 17 सितंबर को ‘सेवा दिवस-आशीर्वाद का दीया’ थीम के तहत आयोजित होने वाले दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम को भव्य रूप से संपन्न कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद के विभिन्न घाटों, मंदिरों, चौराहों, प्रमुख मार्गों, पार्कों, विद्यालयों एवं अन्य प्रमुख स्थलों पर दीप प्रज्ज्वलन किया जाएगा। साथ ही लगभग 3.50 लाख परिवारों द्वारा शाम 7 बजे अपने घरों में ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाया जाएगा।