चौमुहां ब्लॉक में आयोजित कार्यक्रम में 11 हजार महिलाओं को बांटी गईं साड़ियां, तीन दिवसीय आयोजन में 35 हजार बहनों के सम्मान का लक्ष्य
मथुरा।  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत चौमुहां ब्लॉक परिसर में नारी शक्ति वंदन एवं बहना सम्मान समारोह का विशाल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीण अंचलों से बड़ी संख्या में पहुंचीं महिलाओं एवं भाजपा कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम के संयोजक एवं वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता शोभाराम शर्मा ने महिलाओं का सम्मान करते हुए उन्हें साड़ियां एवं मिष्ठान वितरित किए। आयोजन के दौरान महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा के प्रदेश महामंत्री एवं सेवा संकल्प अभियान के प्रभारी तथा मांट विधानसभा क्षेत्र के विधायक राजेश चौधरी शामिल हुए। इसके अलावा ब्रज क्षेत्र के साधु-संतों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।
पीएम मोदी के जन्मदिन पर प्रदेशभर में हो रहे कार्यक्रम
भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं विधायक राजेश चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 76वां जन्मदिन देश-दुनिया में उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पूरे उत्तर प्रदेश में सेवा संकल्प अभियान के तहत हजारों कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। कहीं रक्तदान शिविर लगाए जा रहे हैं तो कहीं फल वितरण एवं अन्य सेवा कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि शाम को लोग अपने घरों में दीपक जलाकर प्रधानमंत्री के जन्मदिन का उत्सव मनाएंगे।
राजेश चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गरीब कल्याण से जुड़ी विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि ब्रज क्षेत्र की धार्मिक आस्था को देखते हुए यहां से भगवान श्रीकृष्ण के भव्य एवं दिव्य मंदिर के निर्माण की आवाज उठनी चाहिए। उन्होंने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का उल्लेख करते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि पर भी भव्य मंदिर का निर्माण होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन को लेकर पूरे प्रदेश में उत्साह का माहौल है। विभिन्न स्थानों पर घरों और कार्यक्रम स्थलों को सजाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि बड़नगर से वाराणसी तक करीब 250 नौजवानों द्वारा मोटरसाइकिल यात्रा भी निकाली जा रही है।
तीन दिवसीय कार्यक्रम में 35 हजार महिलाओं के सम्मान का लक्ष्य
कार्यक्रम के संयोजक एवं वरिष्ठ भाजपा नेता शोभाराम शर्मा ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में चौमुहां ब्लॉक में नारी शक्ति वंदन एवं बहना सम्मान समारोह आयोजित किया गया है।
उन्होंने बताया कि तीन दिवसीय कार्यक्रम के दौरान करीब 35 हजार महिलाओं को सम्मानित करने का लक्ष्य रखा गया है। कार्यक्रम के पहले दिन करीब 11 हजार महिलाओं को साड़ियों का वितरण किया गया। उन्होंने कहा कि अभियान के माध्यम से महिलाओं के सम्मान और सेवा का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।